महावितरण के सेवा सेतु कैंप से ग्राहकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी

भंड़ारा- महावितरण के भंडारा प्रभाग की ओर से ग्राहकों की बिजली संबंधी विविध समस्याओं के समाधान के साथ-साथ महाराष्ट्र सरकार की सौर ऊर्जा योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुँचाने के उद्देश्य से 'सेवा सेतु कैंप' का आयोजन किया जा रहा है।
इस पहल के तहत भंडारा परिमंडल कार्यालय परिसर में आयोजित सेवा सेतु कैंप का महावितरण के माननीय कार्यकारी निदेशक-1 श्री प्रसाद रेशमे (कॉर्पोरेट कार्यालय, मुंबई), माननीय मुख्य अभियंता श्री मिलिंद दिग्रसकर (गोंदिया परिमंडल), अधीक्षण अभियंता श्री राजेंद्र गिरी (भंडारा मंडल), कार्यकारी अभियंता श्री समीर टेकाडे एवं श्री जयंत ठाकरे ने दौरा कर ग्राहकों का मार्गदर्शन किया। 

स्मार्ट स्कीम के तहत 1 kW सोलर प्लांट का एक मॉडल स्थापित किया गया है और इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। स्मार्ट स्कीम के तहत BPL (गरीबी रेखा से नीचे) ग्राहकों को ₹2,500/-, SC/ST ग्राहकों को ₹5,000/- तथा सामान्य वर्ग के ग्राहकों को ₹10,000/- में 1 kW का सोलर प्लांट उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस अवसर पर स्मार्ट मीटरिंग, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना तथा विद्युत सुरक्षा जैसे महावितरण के महत्वपूर्ण उपक्रमों के बारे में ग्राहकों में जागरूकता बढ़ाई गई। इन योजनाओं के लाभ, सौर ऊर्जा का प्रभावी उपयोग, बिजली बिल में पारदर्शिता और विद्युत हादसों से बचने के लिए बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

सेवा सेतु कैंप के माध्यम से ग्राहकों की बिजली संबंधी शिकायतों व समस्याओं के निवारण को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही महाराष्ट्र सरकार की सौर ऊर्जा योजनाओं, उनके लाभ, उपलब्ध सब्सिडी और आवेदन की प्रक्रिया के बारे में भी मार्गदर्शन किया जा रहा है।

इस पहल से ग्राहकों को महावितरण की विभिन्न सेवाओं और योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिल रही है, जिससे ग्राहकों और महावितरण के बीच संवाद अधिक मजबूत हो रहा है। इसके अलावा बिजली के सुरक्षित, कुशल और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूकता लाने का प्रयास किया जा रहा है। अतः महावितरण, भंडारा परिमंडल की ओर से सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की जाती है कि वे सेवा सेतु कैंप में आकर उपलब्ध सेवाओं तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं।