विधायक विनोद अग्रवाल की सख्ती से रेलवे उड़ान पुल के काम को मिली रफ्तार, जनवरी अंत तक पूरा करने की अंतिम डेडलाइन तय

धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य पर विधायक ने ली उच्चस्तरीय बैठक; नवंबर तक पिल्लर, गर्डर, स्लैब व एप्रोच रोड का काम पूरा करने के निर्देश

गोंदिया, 03 सितंबर - 

गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर पुराने ओवरब्रिज के स्थान पर निर्माणाधीन नए रेलवे उड़ान पुल के बेहद धीमी गति से चल रहे कार्य को लेकर विधायक विनोद अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए आज शासकीय विश्राम गृह में उच्चस्तरीय बैठक ली। निर्माण कार्य में हो रही देरी और नागरिकों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से कार्य की प्रगति और अड़चनों की विस्तृत जानकारी ली तथा काम को युद्धस्तर पर गति देने के स्पष्ट निर्देश दिए।

बैठक में सार्वजनिक बांधकाम विभाग के मुख्य अभियंता संभाजी माने, अधीक्षक अभियंता नीता ठाकरे, कार्यकारी अभियंता रामटेके, कंस्ट्रक्शन एजेंसी के श्री नागराल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

विधायक विनोद अग्रवाल की मौजूदगी में मुख्य अभियंता संभाजी माने ने निर्माण एजेंसी से कार्य में हो रही देरी को लेकर जवाब-तलब किया। बैठक में शेष निर्माण कार्यों के लिए समयसीमा भी निर्धारित की गई। पिल्लर, गर्डर, स्लैब तथा एप्रोच सीमेंट रोड का कार्य नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, जबकि रेलवे लाइन के ऊपर बनने वाले मुख्य हिस्से को जनवरी 2027 के अंत तक हर हाल में पूरा करने की अंतिम डेडलाइन तय की गई।

विधायक विनोद अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि शहर के लिए महत्वपूर्ण इस उड़ान पुल के निर्माण में अनावश्यक देरी अब स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभाग एवं निर्माण एजेंसी को आपसी समन्वय के साथ कार्य में आने वाली तकनीकी अथवा प्रशासनिक बाधाओं को तत्काल दूर कर निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।

हड्डीटोली उड़ान पुल को भी गति देने के निर्देश

बैठक में हड्डीटोली उड़ान पुल के निर्माण कार्य को लेकर भी विधायक विनोद अग्रवाल ने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने इस कार्य में भी तेजी लाने तथा वर्तमान उड़ान पुल के निर्माण के साथ ही रेलवे के मुख्य हिस्से का कार्य भी समानांतर रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में नागरिकों को दोबारा यातायात संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

सड़क और अन्य विकास कार्यों पर भी विधायक ने रखे मुद्दे

विधायक विनोद अग्रवाल ने बैठक को केवल रेलवे उड़ान पुल तक सीमित न रखते हुए गोंदिया शहर और क्षेत्र से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों के मुद्दे भी अधिकारियों के समक्ष रखे। उन्होंने लंबित कार्यों की प्रगति तेज करने, निर्माण में आ रही अड़चनों का तत्काल निराकरण करने तथा नागरिकों को बेहतर एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।