क्राइम ब्रांच और DRI की संयुक्त कार्रवाई  में  1.24 किलो विदेशी सोना बरामद, दो गिरफ्तार

नागपुर, 13 अगस्त -  भंडारा-नागपुर के बीच RPF क्राइम ब्रांच और DRI की संयुक्त कार्रवाई के दौरान  1.96 करोड़ से अधिक मूल्य के 7 सोने के बिस्किट और सोने की एक छड़ जब्त करने में सफलता मिली है। गाड़ी संख्या 12262 हावड़ा-मुंबई दूरंतो एक्सप्रेस में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी में यह माल मिला है।

 RPF क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को सूचना मिली थी कि दूरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोना लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर  RPF क्राइम ब्रांच नागपुर एवं रायपुर की टीम ने DRI नागपुर के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से ट्रेन में निगरानी और जांच अभियान शुरू कर रायपुर से नागपुर के बीच विभिन्न कोचों में सघन तलाशी ली। इसी दौरान भंडारा-नागपुर रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेन के B-12 कोच में दो संदिग्ध व्यक्तियों को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया।

 तलाशी लेने पर उनके कब्जे से विदेशी सोना बरामद हुआ। जांच में सोने का कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम और अनुमानित मूल्य 1,96,34,307 रुपए पाया गया।कार्रवाई के बाद बरामद सोने और दोनों पकड़े गए व्यक्तियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए DRI नागपुर के सुपुर्द कर दिया गया। DRI ने मामले में Customs Act, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ के जरिए विदेशी सोने के स्रोत, गंतव्य और तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।