ये सिर्फ आजादी का जश्न नहीं, वीर शहीदों के त्याग को याद करने का भी पर्व”- जिला ग्रन्थालय अधिकारी मीनाक्षी कांबले
गोंदिया (15 अगस्त)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आजाद लाइब्रेरी, गोंदिया में राष्ट्रीय ध्वज पूरे आन-बान और शान के साथ फहराया गया। ध्वजारोहण कार्यक्रम जिला ग्रंथालय अधिकारी श्रीमती मीनाक्षी कांबले के हस्ते गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को मानवंदना देते हुए राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया और देश की एकता, अखंडता एवं गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
ध्वजारोहण के पश्चात स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों का स्मरण किया गया। उपस्थितजनों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक अभिवादन करते हुए उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि आजादी का पर्व केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले शहीदों के त्याग को याद करने और नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम, जिम्मेदारी तथा कर्तव्यबोध की प्रेरणा देने का भी अवसर है।
कार्यक्रम के दौरान आजाद लाइब्रेरी परिसर देशभक्ति के वातावरण से सराबोर नजर आया। ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के बाद उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। इस अवसर पर लाइब्रेरी से जुड़े पाठकों, युवाओं और शहर के नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में सहायक जिला ग्रंथालय अधिकारी अस्मिता मंडपे, आजाद लाइब्रेरी ट्रस्ट के अध्यक्ष हाजी जब्बार खान जिलानी, हाजी फारुख भाई कंडुरेवाला, मुस्लिम जमात के सदर खालिदभाई पठान, पूर्व पार्षद शकील मंसूरी, संस्था सचिव एवं पत्रकार जाहिद खान, शकिलभाई गुरुजी, प्रोफेसर हाजी सफिउल्ला खान, हुसैन शेख, अनवर खान, तालिब बेग, शकील जाजम, अय्यूब भाई, परवेज भाई, ग्रंथपाल श्रीमती रिजवाना शेख, अफजल कुरैशी, मोहसीन खान, सईम कुरैशी, सैय्यद जाकिर अली सहित बड़ी संख्या में लाइब्रेरी के पाठक, छात्र-छात्राएं और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आजाद लाइब्रेरी में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह ने राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन देश की तरक्की, शांति, एकता और अखंडता की कामना के साथ हुआ।
Social Plugin