जिले के विकास को नई रफ्तार देने की तैयारी, समृद्धि महामार्ग से लेकर हवाई सफर तक का मार्ग होगा प्रशस्त- सांसद प्रफुल्ल पटेल

गोंदिया - 21अगस्त 26   
राज्यसभा सांसद प्रफुल्ल पटेल ने आज अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में जिले के विकास, सड़क एवं हवाई कनेक्टिविटी, रेलवे सुविधाओं तथा किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार की पहल और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गोंदिया के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रकल्पों को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।साथ ही बंद विमान सेवा को पुनः शुरू करने के तेज कर दिए गए हैं। गोंदिया से नवी मुंबई के लिए विमान सेवा शुरू करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

मुंबई-नागपुर-गोंदिया समृद्धि महामार्ग के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि इसके निर्माण का कार्य प्रगति पर है। इस महामार्ग के साकार होने से गोंदिया के साथ बालाघाट, आमगांव, देवरी और कोहमारा क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र के आर्थिक और व्यापारिक विकासहोगा।

राज्यसभा सांसद राजेंद्र जैन को संसद की रेल कमेटी में शामिल किया गया है। इसके चलते विदर्भ के रेलवे स्टेशनों तथा विशेष रूप से गोंदिया से जुड़ी रेल समस्याओं को संसद की रेल कमेटी के माध्यम से समय-समय पर उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने गोंदिया शहर के उत्तरी हिस्से में स्थित रेलवे मालधक्का से भारी वाहनों की आवाजाही के चलते क्षेत्र में यातायात प्रभावित होने के साथ ही स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मुद्दे पर भी विचार व्यक्त किए। मालधक्का को हिरडामाली रेलवे स्टेशन के समीप स्थानांतरित करने की प्रस्तावित प्रक्रिया को तेज किया गया है। इस संबंध में सांसद राजेंद्र जैन ने मामला केंद्रीय रेल कमेटी के समक्ष भी रखा है। मालधक्का स्थानांतरित होने से शहर के उत्तरी हिस्से में भारी वाहनों के दबाव और यातायात संबंधी समस्याओं में कमी आएगी। गोंदिया के भीमनगर रेलवे चौकी क्षेत्र में प्रस्तावित उड़ान पुल के मुद्दे पर भी सांसद पटेल ने सकारात्मक पहल शुरू होने की जानकारी दी। उन्होंने संकेत दिया कि क्षेत्र की यातायात समस्या और नागरिकों की सुविधा को देखते हुए इस महत्वपूर्ण प्रकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।किसानों की कर्जमाफी के साथ ही बोनस पर सरकार के रुख की जानकारी देते हुए पत्रकार परिषद में पटेल ने किसानों की दो लाख रुपये तक की कर्जमाफी होने के साथ ही बोनस के मुद्दे पर सरकार का रुख जल्द स्पष्ट होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों के समाधान को लेकर सरकार के स्तर पर प्रक्रिया जारी है और जल्द ही इस संबंध में स्पष्ट स्थिति सामने आने की उम्मीद है।