Positive news-
गोंदिया विधानसभा ग्रुप की पहल पर , 5 मिनट में जुटी मदद, गोंदिया से नेपाल तक पहुंचा इंसानियत का पैगाम
नेपाली युवक की घर वापसी
दिनांक 4 जुलाई 2026 - की रात गोंदिया पुलिस स्टेशन से पुलिस मित्र आदेश शर्मा को सूचना मिली कि लगभग 18 वर्षीय सविन, जो षदानंद नगरपालिका, भोजपुर (कोशी प्रदेश), नेपाल का निवासी है, अपने परिवार से नाराज़ होकर घर छोड़। पहले दिल्ली पहुंचा, फिर कुछ समय सिकंदराबाद में काम किया। लेकिन जल्द ही उसे एहसास हुआ कि माता-पिता और परिवार का साथ ही जीवन की सबसे बड़ी ताकत है। घर लौटने के दौरान ट्रेन में उसका पर्स और मोबाइल चोरी हो गया। पैसे न होने के कारण वह बिना टिकट यात्रा कर रहा था, इसलिए उसे गोंदिया में भीमनगर चौकी के पास उतार दिया गया।
गोंदिया में भटकते हुए उसकी मुलाकात आंगनवाड़ी सेविका लोभा ताई बौद्ध से हुई। उन्होंने उसकी पूरी बात सुनी, भोजन कराया और आसपास के लोगों से ₹600 की सहायता जुटाई। इसके बाद वे उसे गोंदिया पुलिस स्टेशन लेकर पहुंचीं। इस मामले में गोंदिया पुलिस विभाग के कवलपालसिंग जी भाटिया, सुदेश जी टेम्भरे ने तुरंत आवश्यक कार्रवाई की और पुलिस मित्र आदेश शर्मा से संपर्क किया।
खबर मिलने के बाद गोंदिया विधानसभा ग्रुप के सदस्य आदेश शर्मा, हर्षल पवार और विजय अग्रवाल पुलिस स्टेशन पहुंचे। सच्चाई जानने के बाद सविन के लिए बैग की व्यवस्था की गई तथा उसके टिकट और यात्रा खर्च के लिए ₹3000 की सहायता का आह्वान किया गया। मानवता की मिसाल देखिए—मात्र 5 मिनट में 6–7 सहयोगियों ने पूरी राशि जुटा दी। ❤️
अगले दिन सविन को भोजन और रास्ते के लिए टिफिन देकर आदेश शर्मा, हर्षल पवार, विजय अग्रवाल और राज गजभिये उसे रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचे और RPF के लाडे सर के सुपुर्द किया। लाडे सर ने स्नेहपूर्वक उसे अपने केबिन में बैठाया और आश्वासन दिया कि वे स्वयं उसे रात 12:30 बजे दानापुर स्पेशल ट्रेन में सुरक्षित बैठा देंगे।
अब सविन अपने घर, अपने परिवार की ओर लौट चुका है। उम्मीद है कि जल्द ही वह अपने माता-पिता के बीच होगा।
इस पूरे घटनाक्रम ने सविन को यह सिखाया कि दुनिया कहीं भी ले जाए, लेकिन माता-पिता और परिवार का साथ ही सबसे सुरक्षित और सबसे सुखद आश्रय होता है।इस सेवा कार्य की शुरुआत आंगनवाड़ी सेविका लोभा ताई बौद्ध की संवेदनशीलता से हुई और गोंदिया पुलिस, RPF तथा गोंदिया विधानसभा ग्रुप के सामूहिक प्रयासों से यह अपने सुखद परिणाम तक पहुंचा।
टेग लाईन - हम सिर्फ एक अच्छा काम करने की कोशिश करते हैं… सफलता भगवान दिलाते हैं।
Social Plugin