ट्रक ड्राइवर को बंधक बनाकर, चावल से लदे ट्रक को चुराने वाले अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी

सांकेतिक फोटो

गोंदिया: 17 जुलाई की रात रावणवाड़ी पुलिस स्टेशन इलाके एक ट्रक ड्राइवर को बंधक बना कर 30 टन 765 किलो चावल से लदा ट्रक लेकर कुछ बदमाश भाग गए। रावणवाड़ी पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


        जानकारी मिली है कि शिकायतकर्ता ट्रक ड्राइवर जिसका नाम नवीन श्रीरामचंद्र मौर्य (35, निवासी हनुमानगंज, कटवारपुर, प्रयागराज जिला, उत्तर प्रदेश है।मध्य प्रदेश के चकघाट से सड़क अर्जुनी चावल का ट्रक लेकर जा रहा था। 17 जुलाई को सुबह करीब 4:00 बजे सावरी बस स्टॉप के ड्राइवर मौर्य ने आराम करने के लिए बस स्टॉप के पास सड़क किनारे अपना ट्रक खड़ा किया था।तभी एक अज्ञात व्यक्ति ट्रक के पास आया और पानी मांगा। ड्राइवर ने उसे पानी की बोतल दी और अपने मोबाइल फोन में देखने लगा। अचानक, आरोपी ने चाकू निकाला और ट्रक की खिड़की पर वार किया, जिससे ड्राइवर की दो उंगलियों और अंगूठे पर गंभीर चोटें आईं , तभी कहीं से दूसरा लुटेरा आ गया और जबरदस्ती ट्रक का दूसरा दरवाज़ा खोल केबिन में घुस गया। ड्राइवर को ट्रक से बाहर धकेल दिया, बाहर की ओर गिरने से उसके सिर में गंभीर चोटें आई। थोड़ी देर बाद दो और साथी आए और लगे ड्राइवर को पीटने और उसके हाथ-पैर बांध , उसे जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में 30 टन 575 किलो चावल से लदा टाटा ट्रक लेकर मौके से भाग गए।

घटना के बाद, घायल ड्राइवर किसी तरह रावणवाड़ी पुलिस स्टेशन पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। ड्राइवर की मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर, पुलिस ने BNS की विभिन्न धाराओं 309(4), 118(1), 352, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। रावणवाड़ी पुलिस स्टेशन के इंचार्ज शेवते की देखरेख में पुलिस की एक टीम इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।चावल से लदे एक ट्रक की चोरी के मामले में पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संदिग्धों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों का जल्द पता लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई है। साथ ही संभावित मार्गों पर भी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि घटना से संबंधित कोई भी जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।