सेंधमारी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, 3.83 लाख का माल बरामद
आमगाँव : विगत् दिनों आमगांव, सालेकसा और रावणवाड़ी थाना क्षेत्र में लगातार हो रही घरफोडी की वारदातो के मामले में अपराध शाखा (एलसीबी) गोंदिया एवं आमगांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।आरोपियों के पास 3 लाख 83 हजार 835 रुपये मूल्य का चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारीनुसार, 6 जुलाई 2026 को आमगांव निवासी दिनेश कुमार देवीकुमार शर्मा (56) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कामठा-धामनगांव मार्ग स्थित उनके खेत के टिन शेड का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, लोहे के केसिंग पाइप, ट्रक की बैटरी तथा बोरिंग के लोहे के बिट सहित 2 लाख 4 हजार 840 रुपये का सामान चोरी कर लिया था। इस मामले में आमगांव थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद 20-21 जुलाई की रात गांधी चौक स्थित नॉवेल्टी क्लॉथ स्टोर्स और वैरायटी क्लॉथ स्टोर्स के ताले तोड़कर चोर 51 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे।
इन लगातार हो रही चोरियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुड़े के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया। तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने धीरज भूषण फुंडे (उम्र 36) तथा हेमंत भैय्याभाऊ फुंडे (उम्र 56) दोनों निवासी कालीमाटी (आमगांव), की पहचान की। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी चोरी के बाद मध्यप्रदेश के सागर जिले के बड़तुमा गांव में छिपे हुए हैं। 28 जुलाई 2026 को एलसीबी और आमगांव पुलिस की संयुक्त टीम ने वहां दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने आमगांव, सालेकसा और रावणवाड़ी थाना क्षेत्र में कुल 9 घरफोड़ियों की वारदातें कबूल कीं। इनमें कामठा-धामनगांव रोड स्थित टिन शेड, गांधी चौक के दो कपड़ा प्रतिष्ठान, अंजोरा स्वास्थ्य केंद्र, सालेकसा क्षेत्र के कावराबांध और झालिया गांव तथा कामठा स्थित एक बीयर बार में हुई चोरियां शामिल हैं।
Social Plugin