गोरेगांव के पास, ट्रैवल्स-बस ट्रक से टकराई , एक की मौत, दस घायल

गोंदिया-  गोरेगांव के समीप  मंगलवार की सुबह 5.30 बजे, सड़क के बीचों-बीच रातभर से पलटे हुए एक ट्रक से टकराने के बाद एक तेज रफ्तार ट्रैवल्स-बस सड़क किनारे खेत में पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दस यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धान का कुकूस  लेकर कोहमारा से गोंदिया की ओर जा रहा ट्रक क्रमांक एमएच 40 वाय 4593 सोमवार रात लगभग 11.30 बजे जानाटोला स्थित पेट्रोल पंप के सामने चालक का वाहन पर नियंत्रण खोने से सड़क के बीचों-बीच पलट गया। इस हादसे में ट्रक चालक और परिचालक बाल-बाल बच गए, लेकिन ट्रक पूरी रात राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच में ही पलटा पड़ा रहा। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के पास सुरक्षा की दृष्टि से कोई बैरिकेड्स, चेतावनी संकेतक या रिफ्लेक्टर नहीं लगाए गए थे।  मंगलवार तड़के करीब 5.30 बजे हैदराबाद से गोंदिया की ओर आ रही ट्रैवल्स क्रमांक एमपी 50 झेड 4958 तेज रफ्तार में आ रही बस के चालक को अचानक सामने सड़क पर पलटा हुआ ट्रक दिखाई दिया। बस को किनारे से निकालने का प्रयास के प्रयास में ट्रैवल्स ट्रक से टकरा गई। ट और ट्रैवल्स सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे  के बाद स्थानीय नागरिकों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया तथा घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

इस दुर्घटना में मृतक की पहचान फुलेल सनंनलाल खिरवार (30 वर्ष), निवासी आमगांव, तहसील सालेवारा, जिला खैरागढ़ (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। हंसराज टोरीलाल नवदाने (43), पंचफुला नवदाने (40) निवासी चांदीटोला, चेंबूरलाल कलपुरे (34) निवासी भिमोडी, मुनेश्वरी देशमुख (43) निवासी लांजी (मध्य प्रदेश), राकेश कांबले (35), मुनीतत्न पंचेश्वर (55), बिहारीलाल पंचेश्वर (43) निवासी सिंघारपुरी, रीतू सिंघनकुळे (22), सावित्री पंचीतिलक (29) निवासी भेलवाटोला तथा सुखवतीबाई दमाहे घायल हुए हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को पहले गोरेगांव ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को गोंदिया के अस्पतालों में रेफर किया गया.