कान्हा टाइगर रिजर्व में 5 वर्षीय नर बाघ की मौत
मोहगांव - मंडला जिले के कान्हा टाइगर रिजर्व के मुक्की परिक्षेत्र अंतर्गत मोहगांव बीट के कक्ष क्रमांक 156 में मंगलवार सुबह एक नर बाघ मृत अवस्था में मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में एक बाघ के घायल एवं अस्वस्थ अवस्था में दिखाई देने की सूचना मिलने पर क्षेत्र संचालक, उप संचालक, वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी एवं अधीनस्थ अमले द्वारा लगातार बाघ की मॉनिटरिंग एवं अनुश्रवण किया जा रहा था। इसी दौरान गश्ती दल को बाघ मृत अवस्था में दिखाई दिया।
घटना की सूचना तत्काल प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) भोपाल को दी गई। इसके बाद एनटीसीए प्रोटोकॉल के तहत पोस्टमार्टम एवं भस्मीकरण समिति के सदस्यों को मौके पर बुलाया गया। वन विभाग द्वारा क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित कर डॉग स्क्वॉड की सहायता से घटनास्थल का गहन निरीक्षण कराया गया। वन्यजीव चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप अग्रवाल, पशु चिकित्सक डॉ. आशीष वैद्य एवं डॉ. ज्योति मरावी के दल द्वारा मृत बाघ का पोस्टमार्टम किया गया। जांच में बाघ नर पाया गया जिसकी आयु लगभग 5 से 6 वर्ष बताई गई है। पोस्टमार्टम के दौरान बाघ के शरीर पर चोट के निशान एवं फेफड़ों में संक्रमण पाया गया, जिसे मृत्यु का कारण माना जा रहा है। वहीं बाघ के सभी महत्वपूर्ण अंग जैसे केनाइन दांत, नाखून एवं मूंछ के बाल सुरक्षित पाए गए।
चिकित्सक दल ने फॉरेंसिक जांच के लिए विसरा एवं अन्य सैंपल भी संकलित किए हैं। पोस्टमार्टम उपरांत एनटीसीए द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समिति के सदस्यों की मौजूदगी में बाघ के शव का पूर्ण रूप से भस्मीकरण किया गया। इस दौरान क्षेत्र संचालक रविन्द्र मणी त्रिपाठी, उपसंचालक पी.के. वर्मा, सहायक संचालक अजय ठाकुर, सहायक संचालक मितेन्द्र चिचखेड़े, तहसीलदार एस.एस. मार्को, सरपंच स्नेहलता पंद्रे, एनटीसीए प्रतिनिधि डॉ. श्रवणा गोस्वामी, फील्ड बायोलॉजिस्ट अजिंक्य देशमुख सहित वन विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Social Plugin